Advertisement Carousel

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ली विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर— उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर जिला मुख्यालय में अपने चारों विभागों के कामकाज की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक लेकर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया।

​नगरीय निकायों में प्रगति तेज करने और नालंदा परिसरों को समय पर पूरा करने के निर्देश

​बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगरीय निकायों के प्रगतिरत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्यों की धीमी गति पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों की प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा, 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), जल आवर्धन योजना, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, तथा पीएम स्वनिधि और पीएम आवास जैसी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

​सड़कों की तत्काल मरम्मत और पेयजल व्यवस्था पर जोर

​लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए श्री साव ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ किया जाए। उन्होंने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन मिल सके और दुर्घटनाएं टल सकें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तहत जल जीवन मिशन की पूर्ण हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन, नियमित रखरखाव और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

​खेल गतिविधियों को बढ़ावा और संवेदनशील कार्यशैली अपनाने की नसीहत

​खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने शहरी और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों का दायरा बढ़ाने को कहा, जिससे युवा अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा कार्यालय पहुंचने वाले हर नागरिक के साथ विनम्र, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार रखने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को समय पर बेहतर सेवाएं मिल सकें।

​इस संयुक्त बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

spot_img
spot_img
spot_img

Bilaspur Bulletin

Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

खबरें और भी है

Advertisement Carousel
Advertisement Carousel