बिलासपुर
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास कार्यों को एक और बड़ी सौगात मिली है। विधायक सुशांत शुक्ला के विशेष प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कुल 20 विकास कार्यों के लिए ₹155.60 लाख (लगभग ₹1.56 करोड़) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन स्वीकृत कार्यों में मुख्य रूप से सीसी रोड, नाली निर्माण, मुक्तिधाम, अहाता और मंच निर्माण जैसे जनोपयोगी कार्य शामिल हैं। इन अधोसंरचनात्मक कार्यों के पूर्ण होने से गांवों में आवागमन सुगम होगा और मूलभूत नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।
प्रमुख ग्राम पंचायतवार स्वीकृत कार्य
- ग्राम पंचायत उरतुम: शंकरपारा में नाली निर्माण (₹10.00 लाख)
- ग्राम पंचायत परसाही: डबरीपारा में सीसी रोड एवं नाली निर्माण (कुल ₹17.80 लाख)
- ग्राम पंचायत नगोई: तिलई घाट और गतिया तालाब के पास दो मुक्तिधाम निर्माण (कुल ₹10.00 लाख)
- ग्राम पंचायत फरहदा: श्री नगरपारा में सीसी रोड और प्राथमिक शाला में मंच निर्माण (कुल ₹11.20 लाख)
- ग्राम पंचायत लगरा: सीसी रोड निर्माण कार्य (कुल ₹13.00 लाख)
- ग्राम पंचायत खैरा-(ल): 300 मीटर सीसी रोड निर्माण (₹7.80 लाख)
- ग्राम पंचायत लोफंदी: 500 मीटर सीसी रोड निर्माण (₹13.00 लाख)
- ग्राम पंचायत जलसो: नहारिभाठा में सीसी रोड निर्माण (₹10.00 लाख)
- ग्राम पंचायत गतौरी: मंच निर्माण कार्य (₹5.00 लाख)
- ग्राम पंचायत सेंदरी: सामुदायिक भवन के सामने अहाता निर्माण (₹7.00 लाख)
- ग्राम पंचायत मटियारी: दो अलग-अलग स्थानों पर सीसी रोड निर्माण (कुल ₹10.40 लाख)
- ग्राम पंचायत रमतला: पंचायत भवन और बाईपास के पास 400-400 मीटर सीसी रोड (कुल ₹20.00 लाख)
- ग्राम पंचायत कछार: सीसी रोड एवं मुक्तिधाम में अहाता निर्माण (कुल ₹20.40 लाख)
गांव-गांव तक सड़क, पानी और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता: विधायक सुशांत शुक्ला
विकास कार्यों की इस सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है।
विधायक श्री शुक्ला ने कहा, “साय सरकार में बेलतरा विधानसभा में ‘साय-साय’ विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं। गांव-गांव तक सड़क, नाली, मुक्तिधाम और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीणों की आवश्यकताओं और स्थानीय प्रस्तावों के आधार पर क्षेत्र के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का हमारा संकल्प निरंतर जारी रहेगा।”



