रायपुर
सरगुजा जिले के शिवपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च करने की घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर श्री अजीत वसंत को फोन पर तलब किया और पूरी घटना पर गहरी नाराजगी जताई।
प्रमुख निर्देश एवं कार्रवाई
- त्वरित जांच और जवाबदेही: मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को पूरे मामले की गहराई से जांच कर जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- बुनियादी व्यवस्थाओं में सुधार: विद्यालय की बिजली, शिक्षकों की कमी, पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई से जुड़ी सभी समस्याओं को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं।
- नियमित निरीक्षण: आदिवासी अंचलों के सभी आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और अधिकारियों द्वारा सतत निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि भविष्य में ऐसी नौबत दोबारा न आए।
मुख्यमंत्री की दो टूक
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आदिवासी बच्चों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए सड़कों पर उतरना पड़े, यह स्थिति कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे अभिभावकों की तरह सरकार पर विश्वास करके इन आवासीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा, शिक्षा और सुविधाओं के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य सरकार बच्चों को सकारात्मक और सुविधाजनक वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



