बिलासपुर — छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, आस्था और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक महापर्व ‘तीजा तिहार’ बहतराई स्टेडियम में पूरे वैभव के साथ मनाया गया। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में ‘कमल सखी परिवार’ द्वारा आयोजित इस विशाल तीजा मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की, जबकि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
पारंपरिक वेशभूषा में सजी हजारों माताओं-बहनों की उपस्थिति ने बहतराई स्टेडियम को आस्था और संस्कृति का संगम बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के लिए झूले, मेहंदी, पारंपरिक भोजन और उपहारों की खास व्यवस्था की गई थी। प्रसिद्ध गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर के लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल झूम उठा।
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं
- रामदेवरी नामकरण: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ करने की घोषणा की।
- बेलतरा महोत्सव के लिए अनुदान: माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले पारंपरिक बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपए की राशि देने का ऐलान किया।
मातृशक्ति और विकास की बात
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महतारी वंदन योजना के जरिए प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को आर्थिक संबल मिल रहा है, और आज 13 लाख से ज्यादा महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखते हैं। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरकार की महिला हितैषी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विधायक सुशांत शुक्ला का संबोधन
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा तिहार हमारी माटी, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों की पहचान है। बेलतरा की मातृशक्ति ने जिस अपार स्नेह और उत्साह के साथ इस आयोजन में शिरकत की है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र को दी गई दो बड़ी सौगातों के लिए समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, भावना बोहरा, मीना अरुण साव, लीलावती तोखन साहू, महापौर पूजा विधानी सहित कई गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्वेता पांडेय ने किया।



