बिलासपुर — 23 जुलाई 2026
भारतीय रेलवे ने अपने कार्यबल को मजबूत करने और रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर हासिल किया है। वर्ष 2014 से जून 2026 तक मिशन मोड भर्ती के तहत 5.56 लाख से अधिक भर्तियां सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई हैं। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी।
भर्ती के मुख्य आंकड़े (एक नजर में)
- 2004-05 से 2013-14 तक: कुल 4.11 लाख भर्तियां।
- 2014-15 से 2025-26 तक: कुल 5.53 लाख भर्तियां।
- वर्ष 2026-2027 (30 जून 2026 तक): 3,396 नियुक्तियां।
- वर्तमान प्रक्रिया: वर्ष 2024, 2025 और 2026 के वार्षिक भर्ती कैलेंडर के तहत 1.61 लाख से अधिक रिक्तियों के लिए प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
पारदर्शी और सुरक्षित चयन प्रक्रिया
रेलवे के विशाल भौगोलिक विस्तार और तकनीकी आवश्यकताओं को देखते हुए रिक्तियों को भरना एक निरंतर प्रक्रिया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि आरआरबी (RRB) परीक्षाएं अत्यंत पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाती हैं, और पूरी प्रक्रिया के दौरान पेपर लीक या किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई मामला सामने नहीं आया है।
वार्षिक कैलेंडर प्रणाली से मिल रहे बड़े लाभ
रेल मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 से ग्रुप ‘सी’ पदों के लिए वार्षिक कैलेंडर प्रकाशित करने की अनूठी व्यवस्था शुरू की गई है, जिसके तहत निम्नलिखित लाभ मिल रहे हैं:
- उम्मीदवारों के लिए अधिक और निश्चित अवसर।
- हर साल योग्य युवाओं के लिए रोजगार के द्वार।
- भर्ती प्रक्रिया, प्रशिक्षण और नियुक्तियों में उल्लेखनीय तेजी।
वर्ष 2024, 2025 और 2026 की प्रमुख भर्तियों की स्थिति
- वर्ष 2024 कैलेंडर (92,116 रिक्तियां):
- एएलपी, तकनीशियन, आरपीएफ (कांस्टेबल व एसआई), जेई, पैरामेडिकल और एनटीपीसी (स्नातक व अंडर-ग्रेजुएट) जैसे विभिन्न पदों के लिए अधिसूचनाएं जारी की गईं।
- प्रथम चरण की सीबीटी परीक्षाओं में 3.58 करोड़ से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न पदों के लिए दूसरे चरण की परीक्षाएं और स्किल/एप्टीट्यूड टेस्ट भी सफलतापूप्र्वक संपन्न हो चुके हैं।
- वर्ष 2025 कैलेंडर (51,970 रिक्तियां):
- कुल 9 केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचनाएं (CEN) जारी की गईं, जिसमें सहायक लोको पायलट, तकनीशियन, अनुभाग नियंत्रक (Section Controller), जेई और लेवल-1 के पद शामिल हैं।
- इन पदों के लिए भी प्रथम और द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं (CBT) बड़े पैमाने पर आयोजित की जा चुकी हैं।
- वर्ष 2026 कैलेंडर (17,803 रिक्तियां):
- चालू वर्ष के कैलेंडर के तहत मार्च से जून 2026 के बीच सहायक लोको पायलट (11,127 पद), तकनीशियन (6,557 पद) और अनुभाग नियंत्रक (119 पद) के लिए कुल 3 अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं।
- इसके अलावा 30 जून 2026 तक तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर और एएलपी सहित 3,300 से अधिक उम्मीदवारों के पैनल को अंतिम रूप भी दिया जा चुका है, जिनमें से अधिकांश पद सुरक्षा श्रेणियों से संबंधित हैं।


