केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का स्पेन दौरा: वैश्विक मंच पर भारत के आवास और शहरी विकास मॉडल की प्रस्तुत करेंगे रूपरेखा

नई दिल्ली ( मनोज वर्मा )
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर के सांसद तोखन साहू 2 से 6 नवंबर तक स्पेन के अधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बार्सिलोना और मैड्रिड में आयोजित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत के शहरी विकास और किफायती आवास मॉडल के अनुभवों को वैश्विक मंच पर साझा करना तथा भारत और स्पेन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।
स्मार्ट सिटी एक्सपो में ‘इंडिया पवेलियन’ का करेंगे उद्घाटन
3 नवंबर को बार्सिलोना में आयोजित होने वाले स्मार्ट सिटी एक्सपो वर्ल्ड कांग्रेस में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ‘इंडिया पवेलियन’ (भारत मंडप) का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में उनके नेतृत्व में देश के विभिन्न राज्यों से 20 वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भाग ले रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सोनमणि बोरा भी शामिल हैं।
सम्मेलन के दौरान श्री साहू ‘हाउसिंग फॉर ऑल: बिल्डिंग इन्क्लूसिव एंड सस्टेनेबल फ्यूचर्स’ सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना की सफलताओं, किफायती आवास निर्माण के बड़े पैमाने पर कार्यान्वयन और नवाचार आधारित वित्तीय रणनीतियों को प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही वे कैटेलोनिया की आवास एवं पारिस्थितिक संक्रमण मंत्री सिल्विया पानेके के साथ बैठक कर शहरी नियोजन, सार्वजनिक आवास और मोबिलिटी पर विस्तृत चर्चा करेंगे तथा बार्सिलोना के प्रसिद्ध 22@ इनोवेशन डिस्ट्रिक्ट का अवलोकन भी करेंगे।
मैड्रिड में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अर्बन डेवलपमेंट पहलों का अध्ययन
4 से 6 नवंबर तक अपने मैड्रिड प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री मैड्रिड रियो परियोजना, मैड्रिड न्यूवो नॉर्टे शहरी पुनर्विकास और प्लाजा डी एस्पान्या के मोबिलिटी हब जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे। इसके अतिरिक्त, स्पेन के आवास एवं शहरी एजेंडा मंत्रालय के अधिकारियों और प्रमुख बुनियादी ढांचा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकों में सतत निर्माण, सार्वजनिक परिवहन, तकनीकी आदान-प्रदान और निवेश के अवसरों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
70 साल के राजनयिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
भारत और स्पेन के बीच वर्ष 1956 से स्थापित राजनयिक संबंधों की 2026 में 70वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस वर्ष को भारत-स्पेन संस्कृति, पर्यटन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के द्वैध वर्ष के रूप में चिन्हित किया गया है। जनवरी 2025 में सतत शहरी विकास के क्षेत्र में हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद श्री साहू की यह यात्रा दोनों देशों के बीच तकनीकी सहयोग, ज्ञान के लेन-देन और अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर में साझेदारी को व्यावहारिक रूप देने में अहम भूमिका निभाएगी।
