
बिलासपुर ( मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में एनटीपीसी सीपत की प्रदर्शनी ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ के अनुरूप लगाई गई यह प्रदर्शनी आगंतुकों और अतिथियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही।

राज्य के सबसे बड़े विद्युत उत्पादक एनटीपीसी सीपत ने इस मंच के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी नवाचार और सामाजिक विकास (CSR) के क्षेत्र में किए जा रहे अपने उत्कृष्ट कार्यों को प्रदर्शित किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया स्टॉल का अवलोकन
जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी और कहा कि सशक्त नारियों और हुनरमंद युवाओं की भागीदारी से ही ‘विकसित छत्तीसगढ़’ का संकल्प साकार होगा। शुभारंभ के पश्चात उन्होंने एनटीपीसी सीपत के स्टॉल का विशेष रूप से अवलोकन किया और फ्लाई ऐश (राख) से निर्मित नवीन उत्पादों की जानकारी ली।
फ्लाई ऐश से निर्मित अत्याधुनिक और किफायती उत्पाद
विकल्प ईंट: पूरी तरह राख से तैयार यह ईंट आगंतुकों के बीच विशेष चर्चा का विषय रही।
ऐश-टू-सैंड: भारत के पहले इस उत्पाद के माध्यम से राख से उच्च गुणवत्ता वाली रेत तैयार की जाती है।
अन्य निर्माण सामग्री: राख आधारित एग्रीगेट्स, सिंटर्ड गिट्टी, जियोपॉलिमर गिट्टी और इंटरलॉकिंग वॉल ब्लॉक।
सजावटी सामग्रियां: राख के बहुपयोग को दिखाते हुए सुंदर गमले, दीये, उपहार सामग्री और भगवान बुद्ध की आकर्षक प्रतिमाएं।
इसके साथ ही, एनटीपीसी सीपत के मॉडल के जरिए विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया और पावर स्टेशन की कार्यप्रणाली को भी बहुत ही सरल तरीके से समझाया गया।
महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में सीपत की उड़ान
स्वरोजगार: स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार मसालों और धनिया पाउडर का प्रदर्शन एवं बिक्री की गई। एनटीपीसी सीपत द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
‘संकल्प’ कोचिंग: इस पहल के माध्यम से 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग (JEE) और मेडिकल (NEET) की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।
बालिका सशक्तिकरण अभियान: इसके अंतर्गत अब तक 641 बालिकाओं को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
बाल भारती पब्लिक स्कूल: सीपत स्थित इस स्कूल के माध्यम से कक्षा 6 से 12 तक की 153 मेधावी छात्राओं को पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है।
इस भव्य आयोजन के दौरान महापौर पूजा विधानी, संभागायुक्त सुनील जैन,कलेक्टर संजय अग्रवाल पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग सहित तमाम जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
एनटीपीसी सीपत की इस प्रदर्शनी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन कैसे किया जाता है।