बिलासपुर
- 30 वर्षों का सेवाकाल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय के जनसंपर्क अधिकारी श्री रामजी लाल मीना ने लगभग 30 वर्षों की गौरवपूर्ण और समर्पित सेवा के बाद ३१ जुलाई २०२६ को सेवानिवृत्ति प्राप्त की।
- गरिमामय विदाई समारोह: मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
- प्रमुख उपस्थिति: समारोह में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती दर्शनीता बोरा अहलूवालिया, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शेख समी उर रहमान और वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री संतोष कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) मुख्यालय बिलासपुर में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी श्री रामजी लाल मीना आज लगभग 30 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित रेल सेवा पूर्ण करने के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर जनसंपर्क कार्यालय में एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहाँ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती दर्शनीता बोरा अहलूवालिया ने श्री मीना के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री मीना ने अपनी कार्यकुशलता, समर्पण और सकारात्मक कार्यशैली से हमेशा संगठन की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की मंगलकामनाएँ कीं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शेख समी उर रहमान ने अपने संबोधन में कहा कि श्री मीना ने अपने दायित्वों का हमेशा निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन किया। जनसंपर्क विभाग में उनकी कार्यशैली, सरल स्वभाव और टीम भावना सभी के लिए प्रेरणादायी रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव समाज एवं संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री संतोष कुमार ने कहा कि श्री मीना ने अपने लंबे सेवाकाल में विभाग की विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों तथा रेलवे की उपलब्धियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका सहयोगात्मक दृष्टिकोण सदैव विभाग की कार्यसंस्कृति को सुदृढ़ करता रहा।
अपने विदाई उद्बोधन में श्री रामजी लाल मीना ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मिले अपार स्नेह, सहयोग और विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सेवाकाल के खट्टे-मीठे अनुभव साझा करते हुए कहा कि रेलवे परिवार के साथ बिताए गए ये वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगे।
समारोह के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री रामजी लाल मीना को स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य तथा आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।


