बरसात में बच्चों का सफर हुआ आसान, संगवारी महिला समिति बनी मददगार
बिलासपुर/सीपत:
एनटीपीसी सीपत की ‘संगवारी महिला समिति’ ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है। वर्षा ऋतु की कठिनाइयों को दरकिनार करते हुए, समिति ने परियोजना प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण स्कूलों के नन्हें-मुन्ने बच्चों के लिए शिक्षा का सफर आसान बना दिया है। समिति ने 4 अगस्त को विशेष अभियान चलाकर शासकीय प्राथमिक विद्यालयों के करीब 400 बच्चों को छाते भेंट किए।
कार्यक्रम के दौरान जब समिति की अध्यक्षा श्रीमती शिखा मंडल और अन्य सदस्याओं ने बच्चों को अपने हाथों से छाते बांटे, तो बच्चों के चेहरों पर जो मासूम मुस्कान बिखरी, वह देखते ही बनती थी। बच्चों ने उत्साह के साथ छाते स्वीकार किए और समिति का धन्यवाद किया।
“शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और मौसम की बाधा इसमें रुकावट नहीं बननी चाहिए। बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, जिससे वे बिना किसी बाधा के नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकें।”
— श्रीमती शिखा मंडल, अध्यक्षा, संगवारी महिला समिति
शिक्षा और समाज उत्थान के लिए लगातार सक्रिय है समिति
एनटीपीसी सीपत की संगवारी महिला समिति केवल बिजली उत्पादन तक सीमित न रहकर, सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने में हमेशा आगे रही है। समिति द्वारा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं।
विद्यालयों के प्रधानाध्यपकों और शिक्षकों ने इस पहल की दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में स्कूल के प्रति उत्साह बढ़ता है और उनकी उपस्थिति पर भी अनुकूल प्रभाव पड़ता है।
इससे पहले भी बांटे जा चुके हैं छाते
संगवारी महिला समिति का यह सेवा अभियान अनवरत जारी है। इससे पहले जुलाई माह में भी समिति द्वारा सामाजिक सरोकार के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय सीपत, नवाडीह सीपत, बाजार पारा सीपत और कर्रा के लगभग 230 छात्र-छात्राओं को छाते वितरित किए गए थे। इस प्रकार समिति अब तक सैकड़ों बच्चों को इस मानसून में बड़ी राहत दे चुकी है।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस प्रेरणादायक कार्यक्रम के दौरान समिति की वरिष्ठ सदस्यागण, जांजी की सरपंच श्रीमती चंद्रकली, विद्यालयों के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और उत्साहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। एनटीपीसी सीपत परिवार के इस सेवाभावी कार्य की क्षेत्रभर में भरपूर सराहना हो रही है।


