डिजिटल सेवाओं से सुशासन को मजबूत कर रहा एसईसीएल: ‘स्पेशल कैम्पेन 4.0’ के तहत स्वास्थ्य और पेंशन सुविधाएं हुईं आसान

बिलासपुर (संदीप गुप्ता )
कोयला मंत्रालय के तहत कार्य करने वाली सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ‘स्पेशल कैम्पेन 4.0’ के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए डिजिटल सेवाओं के जरिए प्रशासनिक दक्षता और पारदर्शिता को मजबूत कर रही है। कंपनी द्वारा शुरू किए गए ‘हॉस्पिटल मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम’ (HMIS) और ‘पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल’ से कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य तथा पेंशन संबंधी सुविधाएं काफी आसान और सुलभ हो गई हैं।
एसईसीएल की ये डिजिटल पहलें कागजी कार्यवाही को कम करने, रिकॉर्ड्स के व्यवस्थित प्रबंधन और मामलों के त्वरित निस्तारण के माध्यम से सुशासन के लक्ष्यों को गति दे रही हैं।
एचएमआईएस से स्वास्थ्य सेवाओं का एकीकृत प्रबंधन
एसईसीएल के एचएमआईएस (HMIS) पोर्टल के माध्यम से मरीजों के पंजीकरण, परामर्श, उपचार और दवाओं से जुड़ी तमाम जानकारियां डिजिटल रूप से दर्ज की जा रही हैं। इससे चिकित्सा अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण हो रहा है और मरीजों के पुराने मेडिकल इतिहास को देखना आसान हो गया है। इसके अलावा, चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों (मेडिकल रीइम्बर्समेंट) के ऑनलाइन निस्तारण और अमृत फार्मेसी के एकीकरण से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है।
पेंशनभोगियों के लिए पीपीओ और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके पात्र जीवनसाथियों की सुविधा के लिए एसईसीएल ने एक केंद्रीकृत पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल विकसित किया है। इसके जरिए पेंशनभोगी घर बैठे ऑनलाइन पेंशन भुगतान आदेश (PPO) डाउनलोड कर सकते हैं और डिजिटल माध्यम से अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
इस व्यवस्था से भौतिक दस्तावेजों पर निर्भरता घटी है। साथ ही, पोर्टल पर मौजूद गवर्नेंस डैशबोर्ड के जरिए एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में पीपीओ अपलोड और अनुपालन की निगरानी प्रभावी तरीके से की जा रही है।
बेहतर रिकॉर्ड प्रबंधन और 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान
उल्लेखनीय है कि ‘स्पेशल कैम्पेन 4.0’ का क्रियान्वयन चरण 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अभियान में कार्यस्थल की स्वच्छता, ई-वेस्ट प्रबंधन, स्थान का बेहतर उपयोग, अभिलेख प्रबंधन (Record Management) और लंबित मामलों के तेजी से निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एसईसीएल की ये डिजिटल पहलें पेपरलेस वर्ककल्चर को बढ़ावा देकर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बेहतर सेवाएं देने की दिशा में एक अहम कदम साबित हो रही हैं।
