171 किमी की पदयात्रा पूरी: विधायक सुशांत शुक्ला की बेलतरा ध्वजा यात्रा का मां महामाया के द्वार में ऐतिहासिक समापन

बिलासपुर
शारदीय नवरात्रि के सप्तमी के पावन अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में विगत सात दिनों से जारी 171 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक ध्वजा यात्रा का शनिवार को माँ महामाया मंदिर, रतनपुर में भव्य और दिव्य समापन हुआ। सात दिनों तक लगातार पैदल चलकर विधायक सुशांत शुक्ला ने क्षेत्र की सुख, समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना के साथ माँ के चरणों में विधिवत पावन ध्वजा अर्पित की। इस भव्य यात्रा ने न सिर्फ धार्मिक आस्था का अनूठा उदाहरण पेश किया, बल्कि विधायक शुक्ला के जन-समर्पण, अटूट संकल्प और नेतृत्व क्षमता को भी एक नई ऊँचाई दी है।

सात दिनों तक गाँव-गाँव में गूँजा माँ का जयकारा, विधायक ने तय किया 171 किमी का सफर
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के गिरजाबंध हनुमान मंदिर से शुरू हुई यह धार्मिक पदयात्रा लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरी।
बिना थके और बिना रुके, विधायक सुशांत शुक्ला ने हर कदम पर आम जनता, युवाओं, बुजुर्गों और मातृशक्ति के साथ कदमताल करते हुए 171 किलोमीटर की कठिन दूरी तय की।
यात्रा के दौरान हर पड़ाव—चाहे वह नवागांव, टेकर, गिधौरी, खैरा, नगौई, सेमरतल, लोफंदी या रानीगांव हो—ग्रामीणों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ स्वागत किया।
कई स्थानों पर पुष्पवर्षा, स्वागत द्वारों और ढोल-मांदर की थाप के साथ विधायक शुक्ला का अभिनंदन किया गया। रमतला में युवाओं द्वारा उन्हें लड्डुओं से तौलकर अनोखा सम्मान दिया गया।

सिद्धि विनायक मंदिर के पास उमड़ा जनसैलाब, पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी हुईं शामिल
अंतिम दिवस की यात्रा जब मदनपुर और रानीगांव से होते हुए सिद्धि विनायक मंदिर पहुँची, तो वहाँ हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नगर पंचायत अध्यक्ष लव कुश कश्यप एवं मंडल अध्यक्ष बबलू कश्यप के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी विशेष रूप से यात्रा में सहभागी बनीं। उन्होंने विधायक सुशांत शुक्ला के इस अनूठे धार्मिक और सांस्कृतिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस यात्रा ने समाज के सभी वर्गों को सनातन संस्कृति और भाईचारे के सूत्र में पिरोया है।
ढोल-ताशों की गूँज, ऊर्जावान शिव तांडव और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों के बीच हजारों श्रद्धालुओं का यह कारवाँ रतनपुर के माँ महामाया मंदिर पहुँचा, जहाँ पूरे विधि-विधान से ध्वजा अर्पण संपन्न हुआ।
भावुक हुए विधायक सुशांत शुक्ला— “बेलतरा परिवार का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति”
ध्वजा यात्रा के सफल और ऐतिहासिक समापन पर विधायक सुशांत शुक्ला बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने बेलतरा क्षेत्र की जनता के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा:
“माँ महामाया की असीम कृपा और बेलतरा परिवार के अपार स्नेह ने इस सात दिवसीय यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया है। गाँव-गाँव में माताओं-बहनों ने जिस तरह आरती उतारकर, युवाओं ने उत्साह भरकर और बुजुर्गों ने आशीर्वाद देकर हमें अपनाया है, वह मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूँजी है। यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी अटूट आस्था और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है।”
इस दौरान विधायक शुक्ला ने एक बड़ा संकल्प लेते हुए घोषणा की कि बेलतरा की जनता के अपार आशीर्वाद से यह पावन ध्वजा यात्रा अब हर वर्ष इसी भव्यता, श्रद्धा और सामाजिक समरसता के साथ निकाली जाएगी, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ियाँ सनातन मूल्यों से जुड़ी रहें।
पारिवारिक सहभागिता और गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन के अंतिम दिन विधायक सुशांत शुक्ला के साथ उनकी धर्मपत्नी छाया शुक्ला एवं बहन श्वेता पांडेय शुक्ला समेत पूरा परिवार उपस्थित रहा।
इसके अतिरिक्त जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्रीद्वय जनक देवांगन, एस. मनहर, जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, नगर पंचायत अध्यक्ष लव कुश कश्यप सहित तमाम पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
माँ महामाया के दरबार में ध्वजा अर्पण के साथ भले ही इस सात दिवसीय यात्रा का समापन हुआ हो, लेकिन विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में बेलतरा विधानसभा में जो भक्ति, ऊर्जा और जन-एकता की लहर दौड़ी है, वह आने वाले समय में भी क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना को जीवंत बनाए रखेगी।