रायपुर

बड़े सपने देखें, लक्ष्य तय करें और मेहनत से इतिहास रचें – विष्णुदेव साय

रायपुर — मुख्यमंत्री विष्णु देव साया ने राजधानी रायपुर के सड्डू में आयोजित भव्य ‘जेन नेक्स्ट संवाद’ (यंग माइंड्स, मीनिंगफुल कन्वर्सेशंस) कार्यक्रम में जेन-जी और जेन-अल्फा के विद्यार्थियों के साथ खुलकर संवाद किया। न्यूज 24 और लल्लूराम डॉट कॉम के इस मंच पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और यही ऊर्जावान युवा शक्ति वर्ष 2047 तक ‘विकसित और सशक्त भारत’ के निर्माण की सबसे मजबूत नींव बनेगी।

​संघर्ष से शिखर तक की प्रेरणादायक कहानी: मुख्यमंत्री ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए साझा किया कि कैसे जशपुर के बगिया गांव में पिता के निधन के बाद कम उम्र में उन्होंने परिवार और खेती की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि सरपंच भी बनूंगा, लेकिन मैंने ‘कर्म ही पूजा है’ के सिद्धांत को अपनाया। पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाई और आज ईश्वर की कृपा से प्रदेश सेवा का अवसर मिला है।”

शिक्षा का बदलता दौर: अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि तब पांचवीं बोर्ड की परीक्षा के लिए भी मीलों दूर जाना पड़ता था। आज छत्तीसगढ़ में शिक्षा का कायाकल्प हो चुका है—राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या सिर्फ 1 से बढ़कर अब 15 हो गई है।

​‘जल है तो कल है’ का संकल्प: जल संरक्षण को आज की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कोरिया जिले के ‘5 प्रतिशत मॉडल’ और राजनांदगांव में सोक पिट के सफल प्रयोगों का जिक्र किया। उन्होंने युवाओं से वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

भविष्य का छत्तीसगढ़ और अर्थव्यवस्था: छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक 75 लाख करोड़ रुपये की मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने के विजन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है। साथ ही, पीएमश्री योजना (341 स्कूल) और 17 ‘प्रयास विद्यालयों’ के जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।

​युवाओं के लिए मूलमंत्र: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “समय की कीमत समझें, अपनी रुचि के अनुसार सही लक्ष्य चुनें और पूरी ईमानदारी व समर्पण के साथ उन्हें साकार करें।”

​अनूठा अंदाज: भजन क्लबिंग और प्रतिभाओं का सम्मान

​कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण यह रहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पारंपरिक दायरों से बाहर निकलकर युवाओं के साथ आधुनिक शैली में प्रस्तुत ‘भजन क्लबिंग’ का आनंद लिया। इस दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

​यह संवाद इस बात का प्रमाण था कि जब राज्य का नेतृत्व और युवा पीढ़ी आमने-सामने बैठकर भविष्य की बात करते हैं, तो नए और सशक्त छत्तीसगढ़ की तस्वीर साफ उभर कर सामने आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!