रायपुर: ( मनोज वर्मा )
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित निवास पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से आत्मीय भेंट की। इस बैठक में राजनांदगांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 समेत प्रदेश के आर्थिक व औद्योगिक विकास पर विस्तृत चर्चा हुई।
औद्योगिक विकास और रोजगार को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव की यह परियोजना क्षेत्र के औद्योगिक विकास का मील का पत्थर साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे, साथ ही सहायक उद्योगों और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 पर जोर
राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के जरिए प्रदेश को आधुनिक विनिर्माण और इलेक्ट्रॉनिक्स के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में बड़े निवेशकों के लिए नई संभावनाएं बन रही हैं।



