रायपुर
शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत कोड़ातराई में 1.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पीएम श्री स्कूल भवन का भूमिपूजन किया। इस नई शैक्षणिक अधोसंरचना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें जिज्ञासा, नवाचार और स्टार्टअप की सोच विकसित करें ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।
सकरबोगा में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
अपने दौरे के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने शनिवार सुबह रायगढ़ जिले के सकरबोगा गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पेयजल, सिंचाई और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष पुसौर श्रीमती हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती भाग्यवती डोलनारायण नायक, जनपद पंचायत सदस्य श्री गोपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



