करगी रोड कोटा
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में नगर के मुख्य मार्ग स्थित रुप्पू सायकल के पास भव्य एवं विशाल ‘दही हांडी मटका फोड़ प्रतियोगिता’ का आयोजन अत्यंत धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। भक्ति, संगीत और रोमांच से सरोबार इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान श्री कृष्ण के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में कोटा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेसी फूलचंद अग्रहरी, प्रकाश जायसवाल, पार्षद वेंकट अग्रवाल, पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता, पार्षद देवेंद्र कौशिक, पार्षद अंजना चौकसे, नेम सोनी, भरत गुप्ता, दीपक गुप्ता, कन्हैया , राजू एवं श्याम ने शिरकत की और गोविंदाओं का उत्साहवर्धन किया।
रोमांचक मुकाबले में गोबरीपाट बनी विजेता
ऊंचाई पर टंगे माखन मटके को फोड़ने के लिए प्रतिभागी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दर्शकों की तालियों और ‘जय श्री कृष्णा’ के जयकारों के बीच टीमों ने अद्भुत समन्वय और मानव पिरामिड का प्रदर्शन किया। अंततः गोबरीपाट की टीम ने अपनी रणनीति और संतुलन के बल पर मटका फोड़कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया।
विजेता टीम को समिति की ओर से ₹7,000 की नगद राशि, चांदी का नोट, चांदी का सिक्का और आकर्षक गिफ्ट हैम्पर भेंट कर सम्मानित किया गया।
सफल आयोजन के लिए जताया आभार
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य विशेष गुप्ता, सागर गुप्ता, दादू साहू, रवि साहू, आदित्य निर्मलकर, गुड्डू मानिकपुरी, बमबम, राज, जय, सोनू, अनिल, लल्ला, कुणाल, हिमांशु, वासु और तिलक का विशेष योगदान रहा।
समिति ने नगर के व्यापारी संघ, वरिष्ठजनों, युवाओं, माताओं और बहनों के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए उनका सहृदय आभार व्यक्त किया।



