बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान ‘आओ सवारें कल अपना’, ‘चेतना’, और ‘अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर’ के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल-कूद के माध्यम से शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें मोबाइल, नशा एवं आपराधिक गतिविधियों से दूर रखना है।
SSP रजनेश सिंह ने बच्चों को दिया जीत का मंत्र
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS) ने पुलिस ग्राउंड में प्रशिक्षण ले रहे बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें खेल सामग्री का वितरण किया। इस अवसर पर बच्चों को हॉकी स्टिक, बॉल, गॉर्ड, टी-शर्ट और गोलकीपर किट प्रदान की गई। खेल के सामान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने एसएसपी का आभार व्यक्त किया।
खेल से अनुशासन और चरित्र निर्माण पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए SSP रजनेश सिंह ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, टीम वर्क, शारीरिक-मानसिक संतुलन और निरंतर मेहनत की सीख देता है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि सकारात्मक वातावरण में रहकर ही बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है। पुलिस का यह प्रयास है कि बच्चों को सही मार्गदर्शन मिले ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर राष्ट्र के अच्छे नागरिक बनें।
पुलिस और समाज के बीच बढ़ेगा समन्वय
इस अभियान का एक बड़ा लक्ष्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को मिटाना भी है। पुलिस की सकारात्मक छवि से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोग जागरूक होकर आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस आयोजन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी राकेश शर्मा और मधुप टंडन सहित किफायत उल्ला, मुस्तख़ुदीन, उस्मान खान, शेख मुनिउद्दीन एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व नागरिक उपस्थित रहे।


