बिलासपुर/मस्तूरी
- घटनास्थल: ग्राम पंचायत गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान.
- वारदात: 5 से 6 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों द्वारा धावा बोलकर डकैती.
- गार्ड पर हमला: सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर मारपीट की गई और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
लूट: कैश लॉकर न खुलने के कारण बदमाश करीब 25 हजार रुपए की कीमत की महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें समेटकर फरार हो गए.
मस्तूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गतौरा स्थित कंपोजिट शराब दुकान में सोमवार की रात एक बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है. रात के समय 5 से 6 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश दुकान में घुसे और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड को बंधक बना लिया.
जब सुरक्षा गार्ड ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसे काबू में कर उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद बदमाशों ने दुकान के अंदर रखे कैश लॉकर को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन वे लॉकर खोलने में असफल रहे. लॉकर या गल्ले से नकदी हाथ न लगने पर गुस्साए बदमाशों ने दुकान में रखी लगभग 25 हजार रुपए मूल्य की महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें बटोरीं और मौके से फरार हो गए.
पुलिस कार्रवाई और स्थानीय आक्रोश
घटना के बाद घायल सुरक्षा गार्ड ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह मस्तूरी पुलिस और आबकारी स्पेक्टर को फोन कर इस वारदात की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच में जुट गई है.
इस घटना ने एक बार फिर मस्तूरी पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में चोरी और आपराधिक घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन पुलिस ज्यादातर मामलों में आरोपियों तक पहुंचने में नाकाम साबित हुई है.
प्रशासन से मांग की गई है कि क्षेत्र में तत्काल रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील व व्यावसायिक स्थानों पर सुरक्षा कड़ी की जाए और इस डकैती को अंजाम देने वाले आरोपियों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए.


