बिलासपुर

नवरात्रि पर खाद्य विभाग का कड़ा एक्शन: महामाया मंदिर परिसर और दुकानों से खाने-पीने की चीजों के नमूने जब्त, सड़े फल नष्ट

बिलासपुर:

पावन नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, बिलासपुर की टीम ने शहर और रतनपुर क्षेत्र में एक बड़ा और सघन जांच अभियान चलाया है। इस दौरान मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

​यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के निर्देश तथा अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन के कुशल मार्गदर्शन में की गई। अभियान को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी शामिल रहे।

​रतनपुर महामाया मंदिर परिसर में औचक निरीक्षण: ऐतिहासिक माँ महामाया मंदिर, रतनपुर और मेला क्षेत्र में स्थित प्रसादी दुकानों, होटलों और चाट-ठेलों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान प्रसादी निर्माण और बिक्री स्थलों से न नारियल लड्डू, उखरा और समोसा के नमूने (सैंपल) जांच के लिए लिए गए।

किराना दुकानों से सर्विलांस सैंपल: रतनपुर स्थित ‘श्री राम किराना दुकान’ से सूजी, सेंधा नमक, पोहा और टोमेटो सॉस के सर्विलांस (निगरानी) नमूने संकलित किए गए।

​सड़े-गले फल मौके पर नष्ट: मंदिर परिसर और आसपास की फल दुकानों के निरीक्षण के दौरान, ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए सड़े-गले और खराब फलों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

​बिना लाइसेंस वालों को चेतावनी: जांच के दौरान जिन दुकानदारों और व्यापारियों के पास वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीयन नहीं मिला, उन्हें सख्त हिदायत देते हुए तत्काल फूड लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए।

​शहर के अन्य इलाकों में भी दबिश: अशोक नगर स्थित ‘नटराज स्वीट्स’ से चमचम मिठाई और विनोबा नगर स्थित ‘अन्नपूर्णा ट्रेडर्स’ से ‘सनलिट’ ब्रांड सूजी का विधिक (Legal) नमूना जब्त कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

​जनजागरूकता और आगे की चेतावनी

​औचक निरीक्षण के साथ-साथ खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदारों और आम नागरिकों के बीच IEC (जनजागरूकता) गतिविधियों के तहत खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई और नियमों की जानकारी दी तथा संबंधित जागरूकता पोस्टर भी वितरित किए।

​खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले और मिलावटखोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। त्योहार के मद्देनजर यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, और नियमों की अनदेखी करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!