बस्तर में शांति के साथ खुल रहे विकास और समृद्धि के नए द्वार: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

अंतागढ़ के लामकन्हार में सुनी गई ‘मन की बात’, प्रधानमंत्री मोदी ने की छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान की सराहना

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार (एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नवाचार: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लगातार छत्तीसगढ़ के जनभागीदारी आधारित प्रयासों (जैसे- बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, 5 प्रतिशत जल संचय मॉडल और मुनगा अभियान) का उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के परिश्रम का सम्मान है।
कुपोषण के खिलाफ प्रभावी पहल: ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान को कुपोषण से लड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपने घरों में मुनगा (मोरिंगा) के पौधे लगाने और इसके औषधीय व पोषण संबंधी लाभों को अपनाने का आह्वान किया।
नक्सलवाद से मुक्ति और विकास: मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से क्षेत्र नक्सलवाद के प्रभाव से मुक्त होकर शांति और विकास की नई राह पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान: कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ग्राम लामकन्हार के लिए 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात
सामुदायिक भवन निर्माण (शीतला मंदिर के पास): ₹15 लाख
प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण: ₹37 लाख
छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण: ₹18 लाख
एकलव्य विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला: ₹15 लाख
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद भोजराम नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।
