रायपुर
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल 19 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले से जुड़ेंगे। इस अवसर पर वे देश भर के विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे और चयनित अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन करेंगे।
देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित हो रहे इस रोजगार मेले के साथ ही विभिन्न विभागों में कुल मिलाकर अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है। इस चरण में राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य परिवार कल्याण, रक्षा और वित्तीय सेवाओं सहित विभिन्न मंत्रालयों में नियुक्तियां दी जा रही हैं।
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में मुख्य आयोजन
राजधानी रायपुर में 20वें रोजगार मेले का राज्य स्तरीय आयोजन साइंस कॉलेज परिसर स्थित जी.ई. रोड के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय) तोखन साहू होंगे।
मुख्य आयकर आयुक्त (रायपुर) संजीव (आईआरएस) के आमंत्रण पर आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से 125 नवनियुक्त अभ्यर्थी प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें आयकर, डाक, रेलवे, सर्वे ऑफ इंडिया, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन, गृह मंत्रालय, एम्स रायपुर के साथ-साथ इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के युवा शामिल हैं। इसके अलावा इन्हीं विभागों के लगभग 90 अन्य अभ्यर्थी भी सहभागिता करेंगे।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और वितरण प्रक्रिया
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् गान से होगी, जिसके बाद स्वागत उद्बोधन और मुख्य अतिथि तोखन साहू का संबोधन होगा। दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। रोजगार मेले पर आधारित लघु फिल्म के प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री रिमोट बटन दबाकर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के उद्बोधन के बाद रायपुर के मंच से केंद्रीय मंत्री तोखन साहू लगभग 25 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। शेष अभ्यर्थियों को संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। सरकार की यह पहल पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के जरिए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है।



