नई दिल्ली:
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री ताखन साहू के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में राज्य में रेल अवसंरचना (रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर) को सुदृढ़ बनाने और रेल संपर्क का दायरा बढ़ाने से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
रेल मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “स्वर्णिम छत्तीसगढ़” के संकल्प और राज्य के सर्वांगीण विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है।
- रावघाट–कोंडागांव–जगदलपुर रेल संपर्क: इस महत्वपूर्ण परियोजना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरे बस्तर क्षेत्र के लिए इसे गेम-चेंजर रेल परियोजना के रूप में देखा जा रहा है, और इसके निर्माण कार्य में अब और तेजी लाई जाएगी।
- गढ़चिरौली–दंतेवाड़ा रेल लिंक: गढ़चिरौली और दंतेवाड़ा को आपस में जोड़ने वाली प्रस्तावित रेल लिंक परियोजना को जल्द गति देने पर विशेष जोर दिया गया है। इस संपर्क से अंतर-राज्यीय आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
- डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन: इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अब एक संयुक्त उपक्रम (जॉइंट वेंचर) कंपनी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके तहत केंद्र सरकार अपनी निर्धारित इक्विटी हिस्सेदारी देगी, जबकि राज्य सरकार भी अपनी तय हिस्सेदारी उपलब्ध कराएगी।
विकास को मिलेंगी नई पंख
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से छत्तीसगढ़ के दूर-दराज और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राज्य और केंद्र के बीच बेहतर तालमेल से छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो गया है।


