रायपुर । छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर खेल वातावरण प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस-कॉन्फ्रेंस के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बजट में भारी वृद्धि और प्रमुख वित्तीय प्रावधान
राज्य निर्माण के समय छत्तीसगढ़ में खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट मात्र 4 करोड़ रुपए था, जो चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में बढ़कर 304 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष वित्तीय प्रावधान किए हैं:
- मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन: खेल अधोसंरचना की मजबूती और बेहतर वातावरण तैयार करने हेतु 100 करोड़ रुपए का प्रावधान।
- छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना: इस योजना के तहत 57 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।
खेल गतिविधियों को विस्तार देने की मुख्य घोषणाएं
- हॉकी लीग का आयोजन: राज्य में हॉकी के खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने के लिए छत्तीसगढ़ में ‘हॉकी लीग’ आयोजित करने की पुख्ता तैयारी चल रही है।
- बस्तर और सरगुजा ओलंपिक: दूरस्थ आदिवासी वनांचलों की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए पिछले दो वर्षों से ‘बस्तर ओलंपिक’ का सफल आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस साल से राज्य में ‘सरगुजा ओलंपिक’ की भी शुरुआत कर दी गई है।
- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ ने देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की शानदार मेजबानी करते हुए राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
अधोसंरचना और प्रशासनिक मजबूती
-
- प्रशिक्षकों का उच्च स्तरीय प्रशिक्षण: राज्य की खेल अकादमियों में खिलाड़ियों को बेहतरीन प्रशिक्षण देने के लिए 14 प्रशिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण हेतु पटियाला भेजा गया है।
- नए पदों का सृजन: खेल गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए 6 नए जिलों— गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती में खेल अधिकारियों के पदों का सृजन किया गया है।
- भर्ती प्रक्रिया जारी: विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 और 8 वार्डन्स की भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि सरकार की मंशा राज्य के ज्यादा से ज्यादा बच्चों और युवाओं को खेल के मैदानों से जोड़ने की है, जिसके लिए खेल सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभाओं की पहचान का कार्य पूरी गंभीरता से किया जा रहा है।
प्रेस-कॉन्फ्रेंस के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार और उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित थीं।


