( मनोज वर्मा )
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाइट-मनी) हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। योग्य खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक आगामी 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन जमा कर सकते हैं।
पुरस्कारों का विवरण और पात्रता:
विभाग द्वारा खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धि के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाते हैं:
- शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार (सीनियर): राष्ट्रीय चैंपियनशिप/खेलों में पदक विजेता या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सीनियर खिलाड़ियों के लिए (पुरस्कार राशि: 3 लाख रुपए)।
- शहीद कौशल यादव पुरस्कार (जूनियर): जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के लिए (पुरस्कार राशि: 1.50 लाख रुपए)।
- वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के लिए (पुरस्कार राशि: 1.50 लाख रुपए)।
- शहीद पंकज विक्रम सम्मान: पिछले 5 वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए (पुरस्कार राशि: 25 हजार रुपए)।
- शहीद विनोद चौबे सम्मान: 55 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे व्यक्ति जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय/राष्ट्रीय स्तर पर खेल उपलब्धि हासिल की हो या उल्लेखनीय सेवा दी हो (पुरस्कार राशि: 25 हजार रुपए)।
- मुख्यमंत्री ट्रॉफी: सीनियर एवं जूनियर वर्ग में पदक जीतने वाले दलीय खेलों की टीमों के लिए।
महत्वपूर्ण जानकारी:
- ऑनलाइन आवेदन: पुरस्कार संबंधी सभी आवेदन विभागीय वेबसाइट http://sportsyw.cg.gov.in पर केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।
- खेलवृत्ति (डाइट मनी): राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक विजेता या राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ी इसके लिए पात्र हैं।
- आवेदन प्रक्रिया: शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल राज्य खेल संघों की अनुशंसा के साथ ही मान्य होंगे। यदि किसी खिलाड़ी की संघ द्वारा अनुशंसा नहीं की गई है, परंतु उनकी उपलब्धि श्रेष्ठ है, तो वे निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन सीधे संचालनालय (रायपुर) या संबंधित जिला कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कारों के लिए चयन आवेदकों की प्रावीण्यता के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक पात्र व्यक्ति निर्धारित तिथि 5 अगस्त 2026, कार्यालयीन समय तक अपनी प्रविष्टियाँ अनिवार्य रूप से जमा कर दें। आवेदन प्रारूप एवं अन्य विस्तृत नियम विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।


