रायगढ़/रायपुर:
गुरु पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित सुप्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने इस दौरान राज्य के समस्त नागरिकों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य के लिए मंगलकामनाएं कीं। इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनके साथ प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन गुरुओं के प्रति कृतज्ञता और आभार व्यक्त करने का विशेष अवसर है। गुरुजनों का आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन को सही दिशा, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम को लोगों की गहरी आस्था का केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि यहाँ की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को मानसिक शांति प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि राज्य सरकार संतों-गुरुओं के आशीर्वाद और जनता के अटूट विश्वास के साथ पूरी निष्ठा से जनकल्याण के पथ पर अग्रसर है। सरकार का मुख्य संकल्प विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिससे छत्तीसगढ़ निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ सके।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित कई गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


