
रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण जीवन का आधार खेती-किसानी है, इसलिए किसानों की आय बढ़ाना और उनकी समृद्धि सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में श्रद्धेय मनहरण लाल पाण्डेय की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘उत्कृष्ट कृषक रत्न सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया और कृषि क्षेत्र में उनके नवाचार व योगदान की सराहना की ।
360 नए धान खरीदी केंद्र: इस वर्ष 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने में लंबी दूरी न तय करनी पड़े और प्रक्रिया सुगम हो, इसके लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई सुविधाओं का विस्तार: राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों में लगभग 10,000 करोड़ रुपए की नई सिंचाई परियोजनाओं की शुरुआत की है। इसके साथ ही, 1,500 पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के जीर्णोद्धार के लिए 2,800 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 76,000 हेक्टेयर सिंचित रकबा बढ़ेगा।
शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण: मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले किसानों को महंगे ब्याज पर कर्ज लेना पड़ता था, लेकिन आज राज्य में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा मिल रही है।
पारंपरिक खेती के साथ नवाचार: मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसान परंपरागत खेती के साथ नई तकनीकों को अपनाकर उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, जो अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत हैं।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रदेशभर के कृषक उपस्थित रहे।
