बिलासपुर/सीपत। सीपत क्षेत्र के वरिष्ठ और सक्रिय पत्रकार कमल गुप्ता को छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ में एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरगांव में आयोजित संभागीय कार्यसमिति की हाई-प्रोफाइल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी जी एवं प्रदेश कार्यकारिणी की अनुशंसा पर कमल गुप्ता (सीपत) को संभागीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके इस मनोनयन से सीपत क्षेत्र के पत्रकारों और शुभचिंतकों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
राजकुमार यादव बने संभाग अध्यक्ष, शीर्ष नेतृत्व रहा मौजूद
बैठक में मुंगेली जिला अध्यक्ष के रूप में शानदार काम करने वाले राजकुमार यादव को बिलासपुर संभाग अध्यक्ष और चंद्र कुमार निर्णेजक को संभागीय सचिव की कमान सौंपी गई।
इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, अध्यक्षता कर रहे प्रदेश संगठन सचिव मनोज मिश्रा, विशिष्ट अतिथि बिलासपुर जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ठाकुर और कोरबा जिला अध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना सहित संभाग भर के दिग्गज पत्रकार मौजूद रहे।
कमल गुप्ता की नियुक्ति पर सीपत में जश्न, मिला बधाईयों का तांता
कमल गुप्ता को संभागीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेश नेतृत्व ने कहा कि उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उनकी इस नियुक्ति से न सिर्फ सीपत बल्कि पूरे बिलासपुर संभाग में संगठन को एक नई मजबूती मिलेगी। नियुक्ति की खबर आते ही सीपत क्षेत्र के पत्रकार साथियों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जाहिर की है।
नई कार्यकारिणी की भी हुई घोषणा
कार्यक्रम में मुंगेली जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी का भी एलान किया गया, जिसमें अजीत बघेल (जिला कार्यकारी अध्यक्ष), नारायण बंजारे (महासचिव), महेंद्र साहू व हरजीत भास्कर (उपाध्यक्ष) के साथ ही अरविंद बंजारा (मुंगेली), विनोद जायसवाल (लोरमी), देव चरण जोशी (पथरिया) और मनहरण बंजारे (बिल्हा) को ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए सदैव पत्रकार हितों के लिए संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।

