बिलासपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बिलासपुर महानगर द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में “शक्ति: हर आवाज की गूंज” विषय पर एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बिलासपुर की सैकड़ों छात्राओं ने शिक्षा, स्वावलंबन और महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्य वक्ता प्रोफेसर सुश्री उषा राठौर ने छात्राओं में जोश भरते हुए कहा कि आज की युवा महिलाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी ‘पावर हाउस’ हैं। उन्होंने शिक्षा, आत्मविश्वास और नेतृत्व के त्रिकोण को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए छात्राओं को हर क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. नूतन पांडेय ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट किया कि समाज का समग्र विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव ही नहीं है। उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि वे अपनी प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करें।
मंच पर नारी शक्ति का संगम:
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सुश्री निर्मला तिवारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य वैष्णवी परसाई एवं इकाई उपाध्यक्ष श्रेया कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम का प्रभावशाली और ऊर्जावान संचालन राशि मिश्रा द्वारा किया गया।
इन छात्राओं ने रखा अपना प्रखर पक्ष:
महिला सशक्तिकरण के विभिन्न आयामों पर जाह्नवी, प्रीति, मीनाक्षी, मानसी, भावना, आस्था, सेजल, रंजना और तनिष सहित अनेक छात्राओं ने अपने विचार साझा किए। उनकी ओजस्वी वाणी ने कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।
संगठनात्मक उपस्थिति:
इस अवसर पर महानगर मंत्री अतिंद्र धर दीवान, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य प्रणव गौतम, नैतिक नामदेव, देवेश शर्मा, अद्वित मिश्रा, दिव्यांशु, तेजस्वी सहित एबीवीपी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

