बिलासपुर — अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिलासपुर महानगर (छत्तीसगढ़ प्रांत) द्वारा “2047 विकसित भारत में विद्यार्थी की भूमिका” विषय पर एक भव्य व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 09 फरवरी 2026 को लखीराम अग्रवाल सभागार, बिलासपुर में किया गया। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रघुराज किशोर तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2047 का विकसित भारत तभी संभव है जब देश का विद्यार्थी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए शिक्षा, नवाचार, सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने युवाओं से चरित्र निर्माण, राष्ट्रबोध और सामाजिक दायित्व के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि पं. सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलपति प्रो. डॉ. वीरेन्द्र कुमार सारस्वत ने कहा कि विद्यार्थी समाज परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण के लिए करना चाहिए।
वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार पांडे ने परिषद की भूमिका एवं छात्रहित से जुड़े कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मनोगत महानगर अध्यक्ष श्री शैलेश द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बिलासपुर महानगर के मंत्री श्री अतिंद्र धर दीवान ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर मंच पर स्नेहा अग्रहरि (विभाग छात्रा प्रमुख) उपस्थित रहीं तथा कार्यक्रम का संचालन वैष्णवी परसाई द्वारा किया गया।
विशेष रूप से प्रांत संगठन मंत्री महेश साकेत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित बघेल, आराध्य तिवारी, प्राध्यापक कार्यकर्ता संतोष सोनी, वेदांश मिश्र, राजू जी गोशाला, विभाग संयोजक हिमांशु कौशिक सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, प्राध्यापक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
2047 के विकसित भारत के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका अहम : डॉ. रघुराज किशोर तिवारी
Bilaspur Bulletin
Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

