रायपुर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन नवा रायपुर में बिखरेगी लोककला, संस्कृति और संगीत की अनुपम छटा, राज्यपाल रमेन डेका होंगे मुख्य अतिथि

 रायपुर ( मनोज वर्मा )

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन मतलब आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में कला, संस्कृति, संगीत और लोकपरंपराओं का भव्य संगम देखने को मिलेगा। तीन दिवसीय राज्योत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले इस विशेष सांस्कृतिक समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, अनुज शर्मा और इंद्र कुमार साहू विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।

​राज्योत्सव के मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ होगा। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य मंचन रहेगा, जिसके माध्यम से अयोध्या की ऐतिहासिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत किया जाएगा। इसके उपरांत छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गायक सुनील सोनी अपनी संगीतमय प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत की छटा बिखेरेंगे। तत्पश्चात सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल की सुरीली प्रस्तुति राज्योत्सव की शाम को यादगार बनाएगी।

​दूसरी ओर, शिल्पग्राम मंच पर दोपहर 3 बजे से 11 विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इसमें लोकसंगीत, पंडवानी, सुआ नृत्य, ओडिसी, कथक, सूफी संगीत, गजल और लोकमंच की विविध कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। शिल्पग्राम में प्रसन्ना अवस्थी,  सुष्मिता दास, दुर्ग की समप्रिया पूजा निषाद, बिलासपुर के अंकित निर्मलकर, गरियाबंद की मिलवंतीन बाई, रायपुर की मेघा बोस ताम्रकार, आंचल पाण्डेय, धमतरी की रुखमनी दीवान, आदित्य मिश्रा बैंड, विनीता त्रिपाठी और तेजराम साहू अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

​पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला, संस्कृति और लोकपरंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। राज्योत्सव इन गौरवशाली परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने, स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। 2 नवंबर को राज्योत्सव मैदान में प्रदेशवासियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध कला रूपों से रूबरू होने का सुअवसर प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!