बिलासपुर में भारी बारिश का अलर्ट: अरपा नदी के तटीय इलाकों में चेतावनी जारी
खुल सकते हैं भैंसाझार बैराज के गेट
बिलासपुर (मनोज वर्मा )
मौसम विभाग (IMD) द्वारा जिला में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जल संसाधन संभाग कोटा ने अरपा नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों और शहरवासियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए नदी तटों से दूर रहने की सख्त अपील की है।
जलस्तर बढ़ा तो खोले जाएंगे बैराज के गेट
जल संसाधन संभाग कोटा के कार्यपालन अभियंता ने जानकारी दी कि क्षेत्र में तेज बारिश के चलते अरपा-भैंसाझार बैराज का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। बैराज को सुरक्षित बनाए रखने और जलभराव को नियंत्रित करने के लिए आवश्यकता पड़ने पर बैराज के गेट खोले जा सकते हैं। गेट खुलने की स्थिति में अरपा नदी के बहाव और जलस्तर में अचानक तेज बढ़ोतरी होगी।
ग्रामीणों, मछुआरों और पशुपालकों के लिए खास हिदायत
नदी किनारे जाने पर प्रतिबंध: जल प्रवाह वाले इलाकों से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें।
जोखिम भरे कामों से बचें: नदी में उतरने, नहाने, कपड़े धोने या मछली पकड़ने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की सलाह दी गई है।
मवेशियों की सुरक्षा: पशुपालकों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों और परिवार के बच्चों को नदी की ओर न जाने दें।
अफवाहों पर न दें ध्यान: प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं।
प्रशासन की अपील: “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। नदी के तट से दूर रहें—आपकी सुरक्षा ही सर्वोपरि है।”
