बिलासपुर: चिंगराजपारा में दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश बब्बन सारथी गिरफ्तार,

बिलासपुर
जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा इलाके में आम जनता के बीच खौफ पैदा करने वाले एक शातिर आदतन बदमाश को पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी शिव मंदिर के पास खुलेआम बड़ा धारदार चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी और आरोपी की पहचान
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का बना धारदार आरीनुमा चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बब्बन सारथी उर्फ राज सारथी (उम्र 22 वर्ष), निवासी प्रभात चौक, चिंगराजपारा, थाना सरकंडा के रूप में हुई है।
पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थानों में पहले से ही विभिन्न मामलों के तहत कुल 09 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अवैध हथियार रखने और क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना सरकंडा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अपराध गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके के अन्य असामाजिक तत्वों में भी खौफ व्याप्त है।