अशोक नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, आशीर्वाद आटा और मैगी नूडल्स के नमूने जांच के लिए भेजे गए

बिलासपुर ( मनोज वर्मा )
आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में आज मीडिया में प्राप्त एक गंभीर शिकायत का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने अशोक नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्टोर में बिक्री के लिए रखे गए ‘आशीर्वाद आटा’ और ‘मैगी आटा नूडल्स’ की गुणवत्ता संदेह के घेरे में आने पर उनके मानक नमूने (Samples) जब्त किए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य विभाग के इस कदम से किराना और ऑनलाइन डिलीवरी हब संचालकों में हड़कंप मच गया है।
औचक निरीक्षण: मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय शिकायत के आधार पर ब्लिंकिट स्टोर, अशोक नगर में त्वरित जांच की गई।
नमूने संग्रह: खाद्य सुरक्षा मानकों की पुष्टि के लिए ‘आशीर्वाद आटा’ और ‘मैगी आटा नूडल्स’ के सैंपल सील कर जांच हेतु भेजे गए।
नोटिस जारी: स्टोर प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत औपचारिक नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरी कार्रवाई खाद्य एवं औषधि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें आर आर. देवांगन (अभिहित अधिकारी), अविषा मरावी (खाद्य सुरक्षा अधिकारी), प्रतीक तिवारी (खाद्य सुरक्षा अधिकारी) प्रमुख रूप से मौजूद रहे:
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और खान-पान की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
