सेवा संकल्प अभियान’: सिम्स बिलासपुर में मनाया गया विश्व वयोवृद्ध दिवस, बुजुर्गों का हुआ सम्मान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

बिलासपुर (मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत विश्व वयोवृद्ध दिवस पर एक विशेष वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल के दौरान अस्पताल पहुंचे बुजुर्गों को गुलाब का फूल भेंटकर सम्मानित किया गया, साथ ही नेत्र जांच के बाद 58 जरूरतमंद वृद्धों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

- विभागीय जांच: शिविर में मेडिसिन, ईएनटी (कान-नाक-गला) और नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं।
- ओपीडी आंकड़े: कुल 530 मरीजों की ओपीडी में 90 जेरिएट्रिक (वृद्ध) मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 25 मरीजों का ईसीजी और 80 मरीजों का ब्लड शुगर (आरबीएस), ब्लड प्रेशर व वजन जांचा गया।
- प्रमुख बीमारियां: शिविर में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों का दर्द, कम सुनाई देना और मोतियाबिंद जैसी वृद्धावस्था की आम समस्याओं की जांच कर परामर्श दिया गया।
सिम्स में बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं
सिम्स प्रबंधन ने वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए कई अहम कदम उठाए हैं:
-
- अलग से पंजीयन काउंटर और दवा वितरण काउंटर की व्यवस्था।
- भर्ती होने वाले बुजुर्गों को कतार से राहत देने के लिए वार्ड में ही आयुष्मान कार्ड पंजीयन की सुविधा।
“बुजुर्ग हमारे समाज की नींव हैं”
“60 वर्ष की आयु के बाद शरीर में कई बदलाव आते हैं। छोटी स्वास्थ्य समस्या को भी नजरअंदाज न करें। संतुलित आहार, नियमित सैर और समय पर जांच से स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।”
— डॉ. रमणेश मूर्ति, अधिष्ठाता, सिम्स
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने भी समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सिम्स वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित और सहज स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पांडे, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित ठाकुर, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुचित सिंह सहित तमाम चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षक स्वाती कुमार और अन्य चिकित्साकर्मियों का विशेष योगदान रहा।
