बिलासपुर (मनोज वर्मा )
राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर पर बिलासपुर के कोनी स्थित वसुंधरा उद्यान (बिलासा ताल) के शहीद स्मारक पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर वनकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) मनोज पाण्डे और मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रियंका पाण्डे विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन अमर वीरों कोद नमन किया, जिन्होंने जंगलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
- अमर बलिदान से प्रेरणा: अधिकारियों ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वन संपदा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाले इन वीरों का साहस और कर्तव्यनिष्ठा विभाग के प्रत्येक कर्मी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
- संकल्प समारोह: यह दिवस केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि वन संरक्षण के प्रति दायित्वों को नए सिरे से याद करने का अवसर है। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के लिए पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने देश के वन प्रहरियों के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया।



