बिलासपुर
शहर के बरजेश स्कूल के पास स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ आपत्तिजनक छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के कड़े निर्देशों के बाद, थाना सिविल लाइन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर त्वरित विवेचना शुरू कर दी गई है।
बीएनएस की इन धाराओं के तहत केस दर्ज
शिकायतकर्ता के आवेदन पर सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 1215/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 और 299 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपुरुषों और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की गहराई से जांच कर जल्द से जल्द दोषी की पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जांच में जुटी पुलिस, संदिग्ध की तलाश
घटना के खुलासे के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शहर की अन्य प्रतिमाओं के पास के कैमरों की भी जांच की गई है। शुरुआती फुटेज के अवलोकन से एक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होने वाली महिला द्वारा इस गतिविधि को अंजाम दिए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस उस महिला की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ठोस तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर के नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मामले में निष्पक्ष और गहन जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।



