सहायक शिक्षक भर्ती-2026: विस्तृत विज्ञापन में संशोधन, अब इन दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी मिलेगा आवेदन का मौका
रायपुर (मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आयोजित सहायक शिक्षक भर्ती-2026 को लेकर एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI), छत्तीसगढ़ ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के परिपालन में विस्तृत विज्ञापन में संशोधन करते हुए शुद्धि पत्र (Corrigendum) जारी किया है। इस संशोधन के तहत अब दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) तथा सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के दिव्यांग अभ्यर्थी भी सहायक शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद नियमों में बदलाव
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, राज्य की शासकीय शालाओं में ई-संवर्ग और टी-संवर्ग के सहायक शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट पर 24 जुलाई 2026 को विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया था।
इस भर्ती के संबंध में माननीय उच्च न्यायालय, छत्तीसगढ़ में याचिका (WPS No. 6783 of 2026 – मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) दायर की गई थी। याचिका पर 9 अक्टूबर 2026 को पारित न्यायालय के निर्णय और समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की संशोधित अधिसूचना के आधार पर पात्रता शर्तों में यह महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है।
नई दिव्यांग श्रेणियों को अवसर: सहायक शिक्षक पद के लिए चिह्नित दिव्यांगता की उपयुक्त श्रेणियों में अब ब्लाइंड (B), डेफ (D) और सेरेब्रल पाल्सी (CP) को शामिल किया गया है।
कंडिका विलोपित: विस्तृत भर्ती विज्ञापन की कंडिका 05 के उपखंड (iv) को विलोपित कर दिया गया है।
आरक्षण का विवरण: सामान्य प्रशासन विभाग के 5 मार्च 2019 के निर्देशों के अनुरूप दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित, अस्थिबाधित तथा बहुदिव्यांगता श्रेणियों के लिए आरक्षित पदों का स्पष्ट विवरण जारी किया गया है।
शेष शर्तें यथावत: भर्ती विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और नियम 24 जुलाई 2026 को जारी मूल विज्ञापन के अनुसार ही रहेंगे।
ई और टी संवर्ग मिलाकर कुल 2,292 पदों पर भर्ती
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के अंतर्गत कुल 2,292 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है:
ई-संवर्ग (795 पद): इसके अंतर्गत रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ एवं बिलासपुर जिले शामिल हैं।
टी-संवर्ग (1,497 पद): इसके अंतर्गत बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद एवं बालोद जिले शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की तिथि पृथक से होगी जारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए आवेदन की तिथियां छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा अलग से घोषित की जाएंगी।
