Advertisement Carousel

सरगुजा में शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन: पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने बच्चों का किया आत्मीय स्वागत

अंबिकापुर / सरगुजा जिले में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत एक बड़े जनआंदोलन के रूप में हुई। स्थानीय पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यालय की घंटी बजाकर, बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया।

​”शिक्षा सफलता का मूल मंत्र” — पर्यटन मंत्री

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में ज्ञान, कौशल और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शासन का उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चा नियमित स्कूल पहुंचे और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे।

​सरगुजा जैसे जनजाति बहुल क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहाड़ी कोरवा सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटा और बेटी को समान अवसर दें और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।

​साइकिल और अध्ययन सामग्री का वितरण

​उत्सव के दौरान कक्षा 1ठी, 6ठी और 9वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को उत्साहवर्धन के लिए पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, कॉपियां, स्कूल बैग और अन्य अध्ययन सामग्री वितरित की गई। साथ ही, शासन की साइकिल वितरण योजना के तहत पात्र 21 छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं, जिससे वे आसानी से विद्यालय पहुंच सकें।

​शिक्षकों, वॉलेंटियरों और प्रतिभाओं का सम्मान

​कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया:

  • शिक्षा दूत पुरस्कार (2025-26): 21 शिक्षक सम्मानित।
  • ज्ञान दीप पुरस्कार (2025-26): 3 शिक्षक सम्मानित।
  • सेवानिवृत्त शिक्षक: शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और शिक्षकों को शॉल व श्रीफल भेंट किया गया।
  • साक्षरता वॉलेंटियर: ‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम’ के तहत असाक्षरों को पढ़ाने वाले वॉलेंटियरों का भी सम्मान हुआ। सभी ने समाज से निरक्षरता दूर करने की शपथ ली।

​प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता

​कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भवनविहीन स्कूलों के लिए नए भवन स्वीकृत किए गए हैं, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाए गए हैं और मेडिकल-इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए बच्चों को रायपुर के कोचिंग संस्थानों में प्रवेश दिलाया गया है। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा तैयार की गई ‘दीवार पत्रिका’ का विमोचन भी किया गया।

​इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

spot_img
spot_img
spot_img

Bilaspur Bulletin

Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

खबरें और भी है

Advertisement Carousel
Advertisement Carousel