शोधग्रंथ पर्यावरण संरक्षण और अकादमिक उत्कृष्टता का उत्कृष्ट संगम– टंक राम वर्मा

राजीव लोचन कॉलेज राजिम के प्राध्यापकों द्वारा संपादित पुस्तक ‘एनवायर्नमेंटल मैनेजमेंट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का हुआ विमोचन
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा- पर्यावरण संरक्षण और अकादमिक उत्कृष्टता आज की सबसे बड़ी जरूरत
रायपुर
पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजिम (जिला-गरियाबंद) के प्राध्यापकों द्वारा संपादित शोधपरक पुस्तक ‘एनवायर्नमेंटल मैनेजमेंट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का भव्य विमोचन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने इस पुस्तक का विमोचन कर संपादक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण और अकादमिक उत्कृष्टता का संगम आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसका सीधा अर्थ एक ऐसी शिक्षा प्रणाली से है जो छात्रों को बौद्धिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक भी बनाती है।”
कुशल संपादन और नवोन्मेषी प्रयास
इस महत्वपूर्ण ज्ञानवर्धक शोधग्रंथ का संपादन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. समीक्षा चंद्राकर, रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. देवेन्द्र कुमार तथा वनस्पति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कौशिक पटेल के संयुक्त मार्गदर्शन और अथक प्रयासों से किया गया है।
मंत्री वर्मा ने प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में शोध, मौलिक लेखन और पर्यावरण जैसे वैश्विक विषय पर चिंतन की सराहना करते हुए कहा कि राजीव लोचन कॉलेज के प्राध्यापकों का यह प्रयास पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय है। यह पुस्तक न केवल विद्यार्थियों और शोधार्थियों का मार्गदर्शन करेगी, बल्कि सतत विकास के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में मील का पत्थर साबित होगी।
वैश्विक चुनौतियों के बीच महत्वपूर्ण पहल
वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन और पर्यावरण असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियां सामने आ रही हैं। यह पुस्तक सतत विकास और पर्यावरण प्रबंधन के विभिन्न वैज्ञानिक व सामाजिक आयामों को प्रमुखता से रेखांकित करती है। इसमें शामिल शोध-पत्र और नीतियां शोधार्थियों, उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों तथा विषय विशेषज्ञों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होंगी।
