युवाओं में तकनीकी नवाचार: बिलासपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल में संपन्न हुआ “आइडियाथॉन 2026”

बिलासपुर ( मनोज वर्मा )
कोडविद्या इंडिया प्रा. लि. द्वारा साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के सहयोग से वसंत विहार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में “आइडियाथॉन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी कौशल और स्टार्टअप विचारों का शानदार प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम कोडविद्या द्वारा एसईसीएल के सहयोग से, एसईसीएल के अंतर्गत संचालित सभी 9 डीएवी स्कूलों में चलाई जा रही “माई स्कूल माई स्टार्टअप” परियोजना का हिस्सा है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स, वित्तीय साक्षरता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में कौशल आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में चयनित शीर्ष 10 टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडिया और व्यावहारिक प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए, जिनका मूल्यांकन आइडिया की मौलिकता, तकनीकी समझ और उपयोगिता के आधार पर किया गया।
विजेता और पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता के अंत में विजेताओं की घोषणा की गई। निर्णायकों ने “डॉग्स के लिए स्मार्ट वॉच” के नवाचार को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। वहीं, एआई शिक्षकों वाले ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म को द्वितीय पुरस्कार के रूप में ₹30,000 तथा आम लोगों की कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए तैयार “न्याय मित्र” वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म को तृतीय पुरस्कार के रूप में ₹20,000 प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के ये युवा नवाचारी भविष्य में मानव जीवन की चुनौतियों का समाधान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कोडविद्या के संस्थापक शिवराम ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल “जॉब सीकर” (नौकरी ढूंढने वाला) नहीं, बल्कि “जॉब क्रिएटर” (नौकरी देने वाला) बनाना है। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य के. पार्थिपन ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रोबोट्स और प्रोटोटाइप उनकी रचनात्मकता और तकनीकी समझ को बखूबी दर्शाते हैं। कार्यक्रम के अंत में कोडविद्या के प्रोजेक्ट मैनेजर चैतन्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
