मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर के इंडोर स्टेडियम में शामिल होंगे ‘करम परब महोत्सव’ में

रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के युवा प्रभाग (महानगर इकाई, रायपुर) के तत्वावधान में आज राजधानी रायपुर के इनडोर स्टेडियम में भव्य ‘करम परब महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामयी आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री को सौंपा गया आमंत्रण पत्र
इससे पूर्व, कंवर समाज के प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी के नेतृत्व में युवा प्रभाग के पदाधिकारियों और समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें महोत्सव का आधिकारिक आमंत्रण पत्र सौंपते हुए मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहने और समाजजनों का मार्गदर्शन करने का विशेष आग्रह किया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की अपनी स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री की इस सहमति से समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों में अभूतपूर्व उत्साह का माहौल है।
प्रकृति और संस्कृति का महापर्व
‘करम परब’ आदिवासी एवं पारंपरिक समाज की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और प्रकृति के प्रति अगाध आस्था का प्रतीक एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। राजधानी रायपुर में आयोजित होने जा रहे इस विशाल महोत्सव के माध्यम से कंवर समाज की प्राचीन संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और गौरवशाली विरासत की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।
व्यापक पैमाने पर होगी सहभागिता
इस भव्य आयोजन में कंवर समाज के प्रांतीय व स्थानीय पदाधिकारी, युवा, मातृशक्ति तथा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर समाज में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
