महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को समर्पित एसईसीएल का विशेष शिविर, स्त्री रोग विशेषज्ञ ने दिए जरूरी टिप्स

पिंक डिस्पेंसरी में हुआ फुल बॉडी चेकअप, स्त्री रोग विशेषज्ञों ने दिया स्वास्थ्य परामर्श
नवरात्रि के पावन अवसर पर इंडक्शन कुक टॉप और बर्तनों का सेट किया गया भेंट
बिलासपुर
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में श्रद्धा महिला मंडल द्वारा महिला संविदा कर्मियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एसईसीएल में कार्यरत 104 महिला संविदा कर्मियों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
फुल बॉडी चेकअप और मुफ्त चश्मा वितरण
शिविर के दौरान महिलाओं का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण (फुल बॉडी हेल्थ चेकअप) किया गया। इसमें लिवर, किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT/LFT) और सीबीसी (CBC) सहित कई जरूरी जांचें शामिल थीं। इसके अलावा, महिलाओं की आंखों की भी जांच की गई। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यकतानुसार दवाइयां और दृष्टिदोष से पीड़ित महिलाओं को मुफ्त चश्मे बनवाकर दिए जाएंगे।
स्त्री रोग चिकित्सा एवं परामर्श सत्र
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद एसईसीएल की चिकित्सक डॉ. पारुली साहू ने स्त्री रोग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श पर एक विशेष सत्र लिया। उन्होंने महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता (Hygiene), नियमित जांच, और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अध्यक्षा शशि दुहन ने कहा कि “महिला संविदा कर्मी एसईसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। परिवार और कार्यस्थल की दोहरी जिम्मेदारी निभाते हुए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। श्रद्धा महिला मंडल उनके स्वास्थ्य और कल्याण के लिए हमेशा तत्पर है।”
नवरात्रि पर उपहार और विशेष आतिथ्य
कार्यक्रम के दौरान नवरात्रि के उपलक्ष्य में सभी 104 महिला संविदा कर्मियों को श्रद्धा महिला मंडल की ओर से इंडक्शन कुक टॉप और बर्तनों का सेट भेंट किया गया। कार्यक्रम में मंडल की उपाध्यक्ष हसीना कुमार और विनीता जैन भी मौजूद रहीं। शिविर के समापन पर सभी महिलाओं के लिए सहभोज (भोजन) की व्यवस्था की गई।
उल्लेखनीय है कि कोल इंडिया की पहली पिंक डिस्पेंसरी (वसंत विहार) में आयोजित यह पहल महिला सशक्तिकरण और उनके स्वास्थ्य के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
