बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए आम जनता के स्वास्थ्य और शुद्धता को प्राथमिकता देते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बिलासपुर जिले में विशेष अभियान ‘बने खाबो बने रहिबो’ के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान का नेतृत्व अभिहित अधिकारी श्री आर. आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री खीरसागर पटेल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अविषा मरावी की संयुक्त टीम द्वारा किया जा रहा है।
- पवन ट्रेडर्स (व्यापार विहार): टीम ने यहां जांच के दौरान बर्फी में मिथ्याछाप (Misbranded) पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की। मौके से 23 कार्टून (कुल 102 किलोग्राम) बर्फी को सीज कर लिया गया है। साथ ही, इसका एक नमूना गुणवत्ता और मानक की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
- गुरु कृपा ट्रेडर्स (शनिचरी बाजार): इस प्रतिष्ठान से ‘मद्रास का मशहूर स्पेशल खस्ता मिठाई’ का नमूना जांच के लिए लिया गया। उत्पाद के लेबल पर जरूरी जानकारियां और मानकों की कमी मिलने पर इसके खिलाफ भी मिथ्याछाप का प्रकरण दर्ज किया गया है।
त्यौहार तक लगातार जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। रक्षाबंधन तक शहर की सभी मिठाई दुकानों, डेयरी (खोवा, पनीर) और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों की सघन जांच की जाएगी, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।
कार्रवाई करने वाली टीम:
- श्री आर. आर. देवांगन (अभिहित अधिकारी)
- श्री खीरसागर पटेल (वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी)
- श्रीमती अविषा मरावी (खाद्य सुरक्षा अधिकारी)



