कोटा, बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार अभियान’ के तहत कोटा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी चोरी के मामले को मात्र कुछ घंटों के भीतर सुलझा लिया है। मामले में प्रार्थी के ही नाती द्वारा चोरी की घटना को अंजाम देने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने चोरी गए 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
घटना का विवरण
दिनांक 18 जुलाई 2026 को मौहारखार निवासी प्रार्थी ने पुलिस को सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुँचकर वैज्ञानिक अनुसंधान व सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच शुरू की।
वैज्ञानिक जांच से खुला राज
पुलिस की तकनीकी जांच में चोरी का आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रार्थी का अपना नाती ही निकला। पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
बरामद मशरूका
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं, जिनमें शामिल हैं:
- सोने के आभूषण: झुमका सेट, नेकलेस, मंगलसूत्र, नोज पिन, अंगूठी और टॉप्स।
- चांदी के आभूषण व सामग्री: पायल, करधन, चांदी के सिक्के, बिछिया, कटोरी और अन्य कीमती वस्तुएं। कुल बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये है।
पारिवारिक समझौता
चूंकि आरोपी प्रार्थी का अपना नाती है, इसलिए प्रार्थी ने इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। परिवार के सदस्यों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद, प्रार्थी ने स्टाम्प पेपर पर लिखित रूप से अपनी असहमति दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले को पारिवारिक समझकर निराकृत किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोटा पुलिस एवं एसीसीयू टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली का परिणाम है, जिसने चंद घंटों में ही मामले को सुलझाकर पीड़ित को बड़ी राहत पहुंचाई है।


