रायपुर ( मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने और भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की एक उच्च उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की विभागवार स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
- व्यापमं परीक्षाओं की समीक्षा: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों द्वारा भेजे गए इंडेंट (मांग पत्रों) की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।
- वित्तीय सहमति और नियुक्तियां: विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए वित्त विभाग से प्राप्त सहमति, पूर्व में विज्ञापित पदों और अब तक हुई नियुक्तियों का पूरा ब्योरा तलब किया गया।
- वर्ष 2027 का रोडमैप: सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा वर्ष 2027 के लिए अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों और सभी विभागों के अद्यतन (अपडेटेड) भर्ती नियमों की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।
- उद्देश्य: भर्ती प्रक्रियाओं को गति देना, नियमों को सरल और अद्यतन करना तथा आने वाले वर्षों के लिए स्पष्ट रोजगार रूपरेखा तैयार करना इस बैठक का मुख्य लक्ष्य रहा।
शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की एसीएस श्रीमती ऋर्चा शर्मा, गृह विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, GAD सचिव श्री अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, सीएम एवं खनिज सचिव श्री पी. दयानंद, कृषि सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य सचिव श्री अमित कटारिया, परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और चयन मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



