छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न राज्यों के नवनियुक्त राज्यपालों को दी बधाई, कहा— “कुशल मार्गदर्शन से सुशासन को मिलेगी नई मजबूती”

रायपुर ( मनोज वर्मा )
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के लिए नियुक्त किए गए नए राज्यपालों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया है कि सभी नवनियुक्त राज्यपालों के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, समृद्ध अनुभव और कुशल मार्गदर्शन से संबंधित राज्यों में विकास यात्रा को गति मिलेगी और सुशासन, जनकल्याण तथा संवैधानिक मूल्य और अधिक सुदृढ़ होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने जिन प्रमुख नेताओं को उनके नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी हैं, उनमें केरल के राज्यपाल के रूप में नियुक्त ओम प्रकाश माथुर, तमिलनाडु के राज्यपाल के रूप में नियुक्त राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, और ओडिशा के राज्यपाल के रूप में नियुक्त ब्रज मोहन राम शामिल हैं।
इसके साथ ही, उन्होंने कर्नाटक की राज्यपाल के रूप में नियुक्त डॉ. सुधा यादव, उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में नियुक्त डॉ. ढाल सिंह बिसेन तथा सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्त दुष्यंत गौतम को भी उनके नए कार्यकाल के लिए अपनी आत्मीय शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सभी नवनियुक्त राज्यपालों के सफल, यशस्वी एवं गरिमामय कार्यकाल की मंगलकामना की है।
