रायपुर
महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
महाराष्ट्र प्रशासन से निरंतर समन्वय
घटना के तुरंत बाद राज्य सरकार ने सक्रियता दिखाते हुए महाराष्ट्र प्रशासन से संपर्क साधा है। मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि महाराष्ट्र के स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है ताकि राहत और बचाव कार्यों में कोई बाधा न आए।
घायलों के इलाज के लिए विशेष टीम रवाना
दुर्घटना में घायल हुए लोगों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने अधिकारियों की एक विशेष टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है। यह टीम मौके पर पहुंचकर घायलों के इलाज और शवों को वापस लाने की प्रक्रिया में प्रशासनिक सहायता प्रदान करेगी।



