छत्तीसगढ़ के धमतरी में सड़कों के विकास को गति: 101 करोड़ से अधिक के 6 निर्माण कार्यों को मंजूरी
रायपुर (मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ में बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद अब सड़कों के निर्माण और मजबूतीकरण का काम तेजी से शुरू होने जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने धमतरी जिले में कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की लागत वाले 6 प्रमुख विकास कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है।
उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्यादेश (Work Order) जारी कर काम शुरू करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया एनएच-30 (3.75 किमी): चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण – 14.45 करोड़ रुपए
पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग (5 किमी): चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण – 13.33 करोड़ रुपए
छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग (9 किमी): सड़क निर्माण – 23.12 करोड़ रुपए
अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क (10 किमी): सड़क निर्माण – 19.42 करोड़ रुपए
राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग (23 किमी): मजबूतीकरण एवं डामरीकरण – 11.71 करोड़ रुपए
आमदी नगर पंचायत (3.50 किमी): फोरलेन गौरव पथ निर्माण एवं सौंदर्यीकरण – 19.26 करोड़ रुपए
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यों का संपादन विभागीय मापदंडों के अनुसार ही हो।साथ ही कहा है कि निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।कार्यों को किसी अन्य को सबलेट (Sublet) नहीं किया जाएगा और न ही पॉवर-ऑफ-अटॉर्नी को मान्य किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से धमतरी जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिल सकेंगी।
