जमुना कोतमा बनी एसईसीएल हॉकी चैंपियन: रोमांचक फाइनल में सोहागपुर को 1-0 से हराया

बिलासपुर
एसईसीएल मुख्यालय की मेजबानी में बहतराई स्थित स्व. बी.आर. यादव अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान पर आयोजित चार दिवसीय ‘एसईसीएल अंतर-क्षेत्रीय हॉकी टूर्नामेंट 2026-27’ का शनिवार को भव्य और अनुशासित माहौल में समापन हो गया। खेल और टीम भावना से भरे इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जमुना कोतमा की टीम ने कड़े संघर्ष के बाद सोहागपुर को 1-0 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। सोहागपुर को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

गेवरा रही तीसरे स्थान पर
14 से 17 अक्टूबर तक आयोजित इस टूर्नामेंट में एसईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों एवं इकाइयों से कुल 16 टीमों ने शिरकत की। शनिवार की सुबह तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में गेवरा की टीम ने रायगढ़ को पराजित कर टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।
विजेताओं को मिला सम्मान
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक (तकनीकी/संचालन) रमेश चंद्र महापात्र उपस्थित रहे।
खेलों से मजबूत होता है अनुशासन और नेतृत्व: सीएमडी
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सीएमडी हरीश दुहन ने कहा“खेल केवल हार-जीत का नाम नहीं है, बल्कि यह हमारे भीतर अनुशासन, टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय को मजबूत करता है। एसईसीएल अपने कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देता रहेगा।”
समारोह के दौरान हॉकी छत्तीसगढ़ के सचिव, हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष, कोल इंडिया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य, एसईसीएल संचालन समिति, एसईसीएल कल्याण मंडल, मुख्यालय व क्षेत्रीय JCC सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समिति तथा विभिन्न यूनियनों व एसोसिएशंस के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चले इस सफल आयोजन ने एसईसीएल परिवार की एकजुटता और खेल संस्कृति को एक नया आयाम दिया।
