बिलासपुर ( मनोज वर्मा )
केंद्रीय जेल बिलासपुर में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस पावन अवसर पर जेल परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, झूले और धार्मिक झांकियों ने पूरे परिसर को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर के विधायक श्री अमर अग्रवाल रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसमें बंदियों ने भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता की। उत्सव के दौरान आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें बंदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जीत का जश्न मनाया।
बंदियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री अमर अग्रवाल ने उन्हें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके महान आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला तथा बंदियों से सकारात्मक सोच और अच्छे आचरण को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य बंदियों के भीतर आध्यात्मिक और सकारात्मक भावनाओं का विकास करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़े रखना था। इस दौरान जेल अधीक्षक श्री खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक श्री विजयानंद सिंह सहित जेल के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे, जिन्होंने आपसी सौहार्द के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।



