बिलासपुर, 3 जुलाई 2026
बिलासपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। बैठक में जिले के शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और समन्वयकों ने भाग लिया।
शिक्षक केवल पढ़ाते नहीं, संस्कार देते हैं: कलेक्टर
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि, “शिक्षक सिर्फ शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज में संस्कार गढ़ते हैं।” उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, सामाजिकता और नैतिक मूल्यों का विकास करें।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और 100% परिणाम पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के विभिन्न तकनीकी कार्यों, जैसे बुक स्कैनिंग, विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) ऐप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति और यू-डाइस प्लस पोर्टल पर छात्र प्रगति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप काम न करने वाले प्राचार्यों और समन्वयकों पर नाराजगी जताई और कार्यों को दो दिनों के भीतर पूर्ण करने की चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही, जर्जर भवनों में कक्षाएं न चलाने और प्रत्येक शनिवार को पर्यावरण, स्वच्छता व सड़क सुरक्षा जैसे विषयों पर गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिए।
नियमित निगरानी और जवाबदेही: जिला शिक्षा अधिकारी
जिला शिक्षा अधिकारी श्री रामेश्वर जायसवाल ने शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीएसके ऐप के जरिए शिक्षकों की उपस्थिति से लेकर वेतन आहरण तक की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यालयों की स्वच्छता, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, गणवेश वितरण और ‘अपार आईडी’ (APAAR ID) निर्माण जैसे कार्यों को शैक्षिक कैलेंडर के अनुरूप समय पर पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम विद्यार्थी तक पहुँचाने की बात कही और शीघ्र ही जिले में 300 नए कन्या शौचालय स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक श्री ओम पाण्डेय सहित शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


